मुरैना। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना द्वारा 19 जून 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना था। बैठक में जिले के लगभग 35 से 40 कोचिंग संचालक शामिल हुए। इस दौरान छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी व्यवस्था, आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता तथा कोचिंग संस्थानों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी संचालकों को पुलिस कंट्रोल रूम एवं वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़, असामाजिक तत्वों की मौजूदगी अथवा अन्य अव्यवस्था की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में कोचिंग संस्थानों के लिए 15 महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। इनमें संस्थानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाना और कम से कम 30 दिनों तक फुटेज सुरक्षित रखना, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी, भीड़ एवं अव्यवस्थित पार्किंग रोकना, महिला हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराना, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराना तथा अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एवं निकासी (इमरजेंसी इवैक्यूएशन) योजना तैयार करने, यातायात नियमों का पालन कराने तथा संस्थानों के आसपास नशाखोरी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोरिया, यातायात प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। पुलिस ने सुरक्षित एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया है।
