बाल श्रम कानूनों की धज्जियां, नाबालिगों से कराया नाला साफ

सबलगढ़। सरकार द्वारा बाल मजदूरी पर प्रतिबंध लगाने के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं, लेकिन मुरैना जिले की सबलगढ़ तहसील अंतर्गत हीरापुरा ग्राम पंचायत में इन नियमों की खुलेआम अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में नाबालिग बच्चों से नाले की सफाई कराए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में 10 से 14 वर्ष की आयु के तीन बच्चे नाले की सफाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह वीडियो जनपद पंचायत सबलगढ़ के अंतर्गत आने वाली हीरापुरा पंचायत का है। आरोप है कि ग्राम पंचायत में बारिश से पहले बंद पड़े नाले की सफाई कराने के लिए नाबालिग बच्चों को काम पर लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को पड़ोसी गांव से बुलाकर सफाई कार्य कराया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा, जिसके बाद जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीईओ जिला पंचायत कमलेश भार्गव ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। यदि जांच में नाबालिगों से मजदूरी कराए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाल मजदूरी कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कम मजदूरी के लालच में बच्चों से काम कराने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार कम खर्च में काम कराने के उद्देश्य से बच्चों को मजदूरी पर लगा दिया जाता है। वयस्क मजदूरों की तुलना में कम भुगतान होने के कारण कुछ लोग नाबालिगों से काम करवाने का प्रयास करते हैं। हालांकि इस मामले में वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।प्रशासन ने मामले की जांच कर तथ्य सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

error: Content is protected !!