मुरैना। शहर की सड़कों पर खंडा-पत्थर से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का दौड़ना लगातार हादसों का खतरा बढ़ा रहा है। ऐसा ही एक मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी नरुआ रोड से सामने आया, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे लगे हैडपंप में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हैडपंप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, खंडा-पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नरुआ रोड से तेज गति से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे लगे हैडपंप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हैडपंप के हिस्से क्षतिग्रस्त होकर बिखर गए।गनीमत रही कि हादसे के समय हैडपंप के आसपास कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में ट्रैक्टर-ट्रॉली की तेज रफ्तार और हैडपंप से टक्कर का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खंडा-पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस चालक की पहचान करने में जुटी है।