वन चौकी कन्हार से जब्त सामान चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

मुरैना। पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र की वन चौकी कन्हार से जब्त सामान चोरी कर ले जाने और वनकर्मी को धमकाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लोहे का हल एवं अन्य सामग्री भी बरामद की है।
वनरक्षक एवं फरियादी सुनील त्यागी ने थाना पहाड़गढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अक्टूबर को कन्हार गांव के वीरेन्द्र जाटव एवं उसके अन्य साथी वन चौकी कन्हार पहुंचे। आरोपियों ने वनभूमि पर अवैध खेती के कारण करीब एक माह पहले जब्त किए गए लोहे के हल एवं अन्य सामग्री को जबरदस्ती ले जाने का प्रयास किया। रोकने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पहाड़गढ़ में अपराध क्रमांक 158/2026, धारा 307, 296(बी), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए थाना स्तर पर टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी कैलारस उमेश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास निरीक्षण कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
पुलिस को 4 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वीरेन्द्र पुत्र नथ्या जाटव, नीरज पुत्र नथ्या जाटव, संजय पुत्र नथ्या जाटव, रिंकू पुत्र नथ्या जाटव और भारत पुत्र नथ्या जाटव, सभी निवासी कन्हार, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लोहे का हल एवं अन्य चोरी की गई सामग्री बरामद कर जब्त की गई। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।

error: Content is protected !!