प्रदेश महासचिव रमेश गर्ग का आरोप—लूट, डकैती और चोरी की घटनाओं से जनता परेशान; जीवाजी गंज में पुलिस चौकी बनाने की मांग
मुरैना। शहर में कानून-व्यवस्था और आपराधिक घटनाओं को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने की तैयारी की है। पार्टी 23 अक्टूबर को पैदल मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगी। BSP ने शहर में लूट, डकैती और चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

BSP के प्रदेश महासचिव रमेश गर्ग ने आरोप लगाया कि शहर में बदमाशों के सिर से खाकी का खौफ उतर गया है और लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आम जनता परेशान है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ताधारी नेताओं के दबाव के कारण अधिकारी स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहे हैं।
जीवाजी गंज में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग
रमेश गर्ग ने शहर के जीवाजी गंज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की जरूरत है, ताकि संभावित घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो। BSP ने जीवाजी गंज में पुलिस चौकी खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई है।

23 अक्टूबर को पैदल मार्च निकालकर सौंपेंगे ज्ञापन
बसपा जिला अध्यक्ष दीपेंद्र बौद्ध ने बताया कि BSP कार्यकर्ता 23 अक्टूबर को शहर में पैदल मार्च निकालेंगे। इसके बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कानून-व्यवस्था में सुधार, लूट, डकैती और चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण तथा जीवाजी गंज में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की जाएगी।
अब इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से इन मांगों पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।