मुरैना। थाना बागचीनी क्षेत्र में फायरिंग एवं मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक सप्ताह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी रायफल बरामद की है।जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को फरियादी कप्तान सिंह ने थाना बागचीनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राजू यादव एवं उसके साथियों ने सुबह करीब 9:15 बजे उसके घर पहुंचकर गाली-गलौच और मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 115/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर एवं एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के मार्गदर्शन में थाना बागचीनी पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।20 जून 2026 को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बागचीनी रोड क्षेत्र से मुख्य आरोपी राजू यादव पुत्र उत्तम यादव निवासी स्यारू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी रायफल भी बरामद की गई। इसके बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 का इजाफा किया गया।गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।
