लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: 7 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

40 हजार रुपए में तय हुआ था सौदा, तहसील कार्यालय के आरआई चेंबर में किसान से ले रहा था रिश्वत

मुरैना। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी तहसील कार्यालय स्थित आरआई चेंबर में बैठकर किसान से रिश्वत की रकम ले रहा था। इसी दौरान लोकायुक्त की टीम ने उसे दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार, मुरैना गांव का पुरा निवासी फरियादी मुरारीलाल कुशवाह ने अपनी 2 बीघा जमीन के सीमांकन के लिए तहसीलदार कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि सीमांकन की कार्रवाई के एवज में मौजा पटवारी प्रदीप शर्मा ने किसान से 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

किसान ने पटवारी को पहले ही 5 हजार रुपए दे दिए थे। इसके बावजूद रिश्वत की मांग जारी रहने से परेशान होकर किसान ने लोकायुक्त एसपी कार्यालय ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई।

आरआई चेंबर में बिछाया जाल

शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त की टीम ने पटवारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। मंगलवार दोपहर किसान तहसील कार्यालय पहुंचा और आरआई चेंबर में बैठे पटवारी प्रदीप शर्मा को जैसे ही 7 हजार रुपए दिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

सर्किट हाउस में जारी कार्रवाई

कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम पटवारी को लेकर सर्किट हाउस पहुंची, जहां उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!