मुरैना में 232 किलो डोडाचूरा पकड़ा, 10 लाख की SUV जब्त

नूराबाद पुलिस ने फायरिंग रेंज के पास पकड़ी तस्करी में इस्तेमाल XUV 500, कुल 14.74 लाख रुपए का मशरूका जब्त

मुरैना। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 232 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की XUV 500 कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 14 लाख 74 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को थाना नूराबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की XUV 500 कार से शिवपुरी-ग्वालियर की तरफ से आगरा की ओर बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा लेकर जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने टेकरी तिराहे पर चेकिंग लगाई। इस दौरान मुखबिर के बताए अनुसार HR26-DC-6388 नंबर की XUV 500 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन तेज गति से चलाकर करह धाम मंदिर रोड की ओर भाग निकला।पुलिस टीम ने पीछा करते हुए फायरिंग रेंज के पास वाहन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार में 232 किलोग्राम डोडाचूरा भरा मिला। आरोपी के पास मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

पुलिस ने मौके से 4 लाख 64 हजार रुपए कीमत का डोडाचूरा, करीब 10 लाख रुपए कीमत की XUV 500 कार और एक मोबाइल फोन जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर थाना नूराबाद में अपराध क्रमांक 197/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देश पर आगामी त्योहारों को देखते हुए और पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार नशामुक्ति अभियान के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी बामौर अनिल कुमार मंडराह के मार्गदर्शन में थाना नूराबाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।

error: Content is protected !!