मुरैना में शादी का रिश्ता देखने आई मां-बेटे को बनाया बंधक, नाबालिग बेटी की जबरन शादी कर दुष्कर्म का आरोप

अंबाह में सनसनीखेज मामला: मां और भाई को कमरे में बंद कर पीटने का आरोप, पंडित बुलाकर कराई शादी, एक साल बाद पीड़िता ने बेटी को दिया जन्म, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

मुरैना। जिले के अंबाह से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बेटी की शादी के लिए रिश्ता देखने आई एक महिला और उसके बेटे को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद परिवार के लोगों ने पंडित बुलाकर नाबालिग बेटी की जबरन शादी करा दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के करीब एक साल बाद पीड़िता ने एक बेटी को जन्म दिया। अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

रिश्ता देखने आई थी मां, बेटे और बेटी के साथ

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के संगम विहार निवासी मनुसूरा देवी 5 सितंबर 2024 को अपने बेटे हर्ष चौहान और बेटी रेखा (परिवर्तित नाम) के साथ अंबाह के गुरुद्वारा मोहल्ले में शादी के लिए रिश्ता देखने आई थीं। यहां उनकी मुलाकात शिवराज तोमर के परिवार से हुई। बताया जा रहा है कि लड़की के परिवार को घर पसंद नहीं आया। इसके बाद मनुसूरा देवी ने अपनी बेटी का रिश्ता करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि रिश्ता ठुकराए जाने से नाराज होकर दूसरे पक्ष के लोगों ने मां और बेटे को बंधक बना लिया।

कमरे में बंद कर मां-बेटे से मारपीट का आरोप

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, रिश्ता करने से मना करने पर मनुसूरा देवी और उनके बेटे को एक कमरे में बंद कर दिया गया। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद कथित तौर पर शिवराज तोमर ने पंडित को बुलाकर नाबालिग रेखा से जबरन शादी रचा ली। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया।

दिल्ली पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत, एक साल बाद बेटी को दिया जन्म

घटना के बाद मनुसूरा देवी पुलिस की मदद से अपनी बेटी को दिल्ली स्थित अपने घर संगम विहार ले गई थीं। करीब एक साल बाद पीड़िता ने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद पीड़िता ने दिल्ली के संगम विहार थाने में पहुंचकर आरोपी शिवराज तोमर, उसकी मां सूरज देवी और पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज किया और केस डायरी अंबाह पुलिस को भेज दी।

नाबालिग होने के चलते गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

मामला अंबाह पुलिस के पास पहुंचने के बाद पीड़िता के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी। इसी आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले में पीड़िता के लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

एसडीओपी प्रशांत भदौरिया ने दी जानकारी

एसडीओपी अंबाह प्रशांत भदौरिया ने बताया कि 5 सितंबर 2024 को पीड़िता अपनी मां और भाई के साथ शादी का रिश्ता देखने अंबाह आई थी। यहां आरोपी ने मां और भाई को कमरे में बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की तथा पीड़िता के साथ जबरन शादी कर दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पीड़िता की मां उसे दिल्ली ले गई थीं, जहां पीड़िता ने बच्ची को जन्म दिया। दिल्ली के संगम विहार थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद मामला अंबाह पुलिस को भेजा गया है।

एसडीओपी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

error: Content is protected !!