मुरैना में पुलिस का शॉर्ट एनकाउंटर: 80 हजार का इनामी कल्ली गुर्जर पैर में गोली लगने से घायल, साथी अजय गुर्जर भी गिरफ्तार

मुरैना। मुरैना जिले में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 हजार रुपये के इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। बानमोर थाना क्षेत्र के ललितपुरा जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से कल्ली गुर्जर घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी अजय गुर्जर को भी गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से दो रायफल और एक पिस्टल सहित तीन हथियार बरामद किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, बानमोर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 80 हजार रुपये का इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर अपने आधा दर्जन साथियों के साथ पहाड़ी गांव के पीछे ललितपुरा के जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जंगल में दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाशों ने किए करीब 20 राउंड फायर

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने अचानक पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसके बाद पुलिस जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। बताया जा रहा है कि बदमाशों की ओर से करीब 20 राउंड फायर किए गए, जबकि पुलिस ने जवाब में आधा दर्जन गोलियां चलाईं। इसी दौरान पुलिस की गोली कल्ली गुर्जर के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। कल्ली गुर्जर के घायल होने के बाद उसके अन्य साथी जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कल्ली गुर्जर को अपने कब्जे में लिया और उसके साथी अजय गुर्जर को भी गिरफ्तार कर लिया।

मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर में दर्ज हैं 19 मामले

एसपी धर्मराज मीना ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि कल्ली गुर्जर के खिलाफ मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर जिले में कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती, अपहरण, हत्या और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। कल्ली गुर्जर पर कुल 80 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो रायफल और एक पिस्टल बरामद की हैं।

जिला अस्पताल में भर्ती, फरार साथियों की तलाश जारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। घायल कल्ली गुर्जर सहित दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब जंगल में फरार हुए अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है। मुठभेड़ के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को तीन जिलों में सक्रिय आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

error: Content is protected !!