मुरैना। जौरा रोड नेशनल हाईवे-552 पर कटीवरी और छेरा गांव के बीच रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाजरे की करव (भूसे) में लगी आग के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का बुरी तरह जला हुआ शव मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि शरीर का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो चुका था और केवल पैर ही शेष बचे थे। पैरों की बनावट के आधार पर पुलिस ने शव के महिला का होने की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही बागचीनी थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जले हुए शव को बरामद कर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया।
मेडिकल बोर्ड करेगा शव का परीक्षण
पुलिस के अनुसार शव पूरी तरह जल जाने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान करना संभव नहीं हो पाया है। शव की वास्तविक स्थिति और मृतक की पहचान स्पष्ट करने के लिए जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड के माध्यम से परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महिला का शव होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
बागचीनी थाना प्रभारी टीआई कुलदीप राजपूत ने बताया कि बाजरे की करव में लगी आग के बीच एक जला हुआ शव मिला है। शव पूरी तरह जल चुका है और केवल पैर शेष बचे हैं। पैरों की बनावट के आधार पर शव महिला का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब पुलिस के सामने शव की पहचान करना और आग लगने के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाना बड़ी चुनौती है। जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।