मुरैना। कूनो नेशनल पार्क की सीमा पार कर दो चीते मुरैना जिले के बानमोर और नूराबाद क्षेत्र तक पहुंच गए। रिहायशी इलाके और औद्योगिक क्षेत्र में चीतों की मौजूदगी की खबर से लोगों में दहशत फैल गई है। हालात यह हैं कि शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से नूराबाद और बानमोर औद्योगिक क्षेत्र में दो जंगली जानवरों को एक साथ घूमते देखा जा रहा था। एक फैक्ट्री के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी इनकी तस्वीरें कैद हुई हैं। इसके बाद क्षेत्र में चीतों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई।
सूचना मिलने पर कूनो नेशनल पार्क की टीम सक्रिय हुई और दोनों चीतों की तलाश शुरू की। टीम ने ट्रैकिंग के जरिए एक चीते को रेस्क्यू कर लिया है, जबकि दूसरे चीते की लोकेशन ट्रैक करने के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल दूसरे चीते का पता लगाने के लिए टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। वहीं, बानमोर और नूराबाद के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन और वन विभाग की टीम की निगरानी के बीच लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।