मुरैना। जिले में शादी समारोहों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर होटल, रेस्टोरेंट, नाश्ता सेंटर और मैरिज होम संचालकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला आपूर्ति नियंत्रक द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक, शादी समारोहों में भोजन और अन्य खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। इसके लिए केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी होटल, रेस्टोरेंट, नाश्ता सेंटर या मैरिज होम में शादी समारोह के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करते पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और आयोजनकर्ताओं से भी अपील की है कि शादी समारोहों में घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल न करें और नियमों का पालन करते हुए व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें।