मुरैना जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 28 जून से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। अभियान के पहले दिन 28 जून को जिलेभर में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए “दो बूंद जिंदगी की” पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए। प्रशासन ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं और पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को सफल बनाने में सहयोग करें। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण के साथ-साथ पल्स पोलियो अभियान में बच्चों को दवा पिलाना बेहद आवश्यक है।जिला प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और अपने आसपास के सभी बच्चों को पोलियो की दवा दिलाने की अपील की है।
