मुरैना में निकली रन फॉर जस्टिस मैराथन, न्यायाधीशों और स्कूली बच्चों ने लिया हिस्सा; विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक

मुरैना। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को मुरैना में रन फॉर जस्टिस मैराथन एवं वॉकाथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष संगीता मदान ने जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन एवं वॉकाथन में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, पैरालीगल वालेंटियर्स, स्कूली छात्र-छात्राओं और न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन जिला न्यायालय परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पं. रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100, मध्यस्थता, दहेज प्रथा उन्मूलन और बाल विवाह निषेध जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश अनुज कुमार, विनय कुमार, चंद्रशेखर जायसवाल, चारुलता दांगी सहित अन्य न्यायाधीशगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दिनेश सिंह राणा, जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेन्द्र सिंह भदौरिया, अभिभाषक संघ अध्यक्ष हरिसिंह सिकरवार सहित पैनल अधिवक्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना और तहसील विधिक सेवा समितियों अम्बाह, जौरा एवं सबलगढ़ द्वारा भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय पाने की प्रक्रिया की जानकारी देना है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!