ग्राम सामाजिक एनिमेटर्स को दी जा रही सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया और कार्यप्रणाली की जानकारी, सीईओ जिला पंचायत ने किया मार्गदर्शन
मुरैना। समग्र शिक्षा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के सामाजिक अंकेक्षण के लिए ग्राम सामाजिक एनिमेटर्स (व्हीएसए) का प्रशिक्षण सेंट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, मुरैना में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव ने पहुंचकर प्रतिभागियों को सामाजिक अंकेक्षण के उद्देश्य, प्रक्रिया और कार्यप्रणाली के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने सामाजिक अंकेक्षण के महत्व को समझाते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संस्थान के निदेशक मुनीश्वर शाक्य ने संस्थान में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ग्राम सामाजिक एनिमेटर्स द्वारा चिन्हित शालाओं में समग्र शिक्षा के अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण किया जाएगा। इसके बाद अंकेक्षण की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जाएगी।

प्रशिक्षण सत्रों का संचालन जिला पंचायत मुरैना के जिला समन्वयक सामाजिक अंकेक्षण एवं मास्टर ट्रेनर देवेंद्र वर्मा द्वारा किया जा रहा है। वहीं पवन चौरसिया (बीसी जनपद मुरैना), सतेन्द्र राठौर (बीसी जनपद अम्बाह), मुकेश परमार (बीसी जनपद जौरा) और सुनील शर्मा (बीसी जनपद पोरसा) द्वारा प्रतिभागियों को सामाजिक अंकेक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।