मुरैना में गूगल और औषधीय पौधों के संरक्षण-संवर्धन पर प्रदेश स्तरीय सम्मेलन

गूगल के विनाश का प्रमुख कारण गलत तरीके से चीरा लगाना, वैज्ञानिक पद्धति से दोहन करने का दिया प्रशिक्षण; किसानों को वितरित किए पौधे

मुरैना। कृषि विज्ञान केंद्र मुरैना में बुधवार, 18 नवंबर 2026 को गूगल एवं औषधीय पौधों के संरक्षण और संवर्धन को लेकर एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सुजागृति समाज सेवी संस्था मुरैना के संयोजन में आयोजित इस सम्मेलन में वैज्ञानिकों, वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, किसानों, क्रेता-विक्रेताओं और शिक्षाविदों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री गिर्राज सिंह दंडोतिया ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि गूगल की बढ़ती मांग को देखते हुए किसान अपनी मेड़ पर गूगल के पौधे लगाएं। उन्होंने कहा कि गूगल के पौधों के समाप्त होने का एक प्रमुख कारण गलत तरीके से चीरा लगाकर गोंद निकालना है। सम्मेलन का उद्देश्य किसानों को गूगल से गोंद प्राप्त करने की विनाशरहित वैज्ञानिक प्रक्रिया सिखाना है, ताकि पौधों को नुकसान पहुंचाए बिना उनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने गूगल के प्लांटेशन के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन भी दिया। साथ ही जल संरक्षण पर जोर देते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की और कहा कि सम्मेलन में जो जानकारी दी जा रही है, उसे जमीन पर उतारना भी जरूरी है।

जनपद अध्यक्ष मोहर सिंह कंसाना ने पर्यावरण प्रदूषण की गंभीर स्थिति का उल्लेख करते हुए दिल्ली का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। पेड़-पौधे प्रदूषण के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका संरक्षण और संवर्धन सभी की जिम्मेदारी है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव ने अभियान में प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जी राम जी योजना के तहत पौधारोपण को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी सामाजिक वानिकी वृत्त ग्वालियर अवदेश कुमार मीना ने गूगल एवं अन्य औषधीय पौधों के महत्व, उनकी उपयोगिता और पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जंगलों का संरक्षण केवल प्राणवायु उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जैव विविधता भी संरक्षित होती है। औषधीय पौधों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए नर्सरियों में इनका उत्पादन भी आवश्यक है।

डाबर कंपनी दिल्ली के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. मंगलाराम जंगलिया ने किसानों को बताया कि औषधीय पौधों का उपयोग किस प्रकार किया जाता है और इनके माध्यम से किसान अपनी आजीविका के नए अवसर कैसे विकसित कर सकते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र मुरैना के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जगदीश चंद्र गुप्ता ने औषधीय पौधों की वैज्ञानिक तरीके से हार्वेस्टिंग, भंडारण और विपणन संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों की स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में काफी मांग है। ऐसे में किसानों को मिलकर इनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयास करने चाहिए और इस अभियान से प्रशासन को भी जोड़ना चाहिए।

कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह तोमर ने गूगल के संबंध में जानकारी साझा की और अपने द्वारा किए गए गूगल पौधारोपण के अनुभव भी बताए। सुजागृति संस्था की ओर से क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और जमीनी स्तर पर संचालित गतिविधियों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

सम्मेलन का संचालन संस्था प्रमुख जाकिर हुसैन ने किया। उन्होंने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सम्मेलन में देश के प्रख्यात वैज्ञानिकों, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 100 हितग्राही किसानों, क्रेता-विक्रेताओं और मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच बहादुर सिंह जादौन, जैव विविधता प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राम बहादुर सिंह सहित 25 विद्यालयों के प्राचार्य भी उपस्थित रहे।

पौधारोपण कर किसानों को बांटे गए पौधे

सम्मेलन के समापन पर गूगल के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही किसानों को गूगल के पौधे वितरित किए गए, ताकि वे अपने खेतों की मेड़ों और उपयुक्त स्थानों पर पौधारोपण कर औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में भागीदारी निभा सकें।

Leave a Reply

error: Content is protected !!