मुरैना में निकाली बाइक रैली, विधिक योजनाओं की प्रदर्शनी लगाकर किया जागरूक

निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत और हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी, दहेज प्रथा व बाल विवाह के खिलाफ भी दिया संदेश

मुरैना। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के समापन अवसर पर शुक्रवार को मुरैना में बाइक रैली और विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष संगीता मदान ने जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया।

रैली में शामिल प्रतिभागियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता और विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के प्रति जागरूक किया। साथ ही दहेज प्रथा उन्मूलन और बाल विवाह निषेध जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश भी दिया।

बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों एवं पुल तिराहे से होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रधान जिला न्यायाधीश संगीता मदान सहित न्यायाधीशगण, अधिवक्ताओं और आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विधिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश अनुज कुमार, विनय कुमार, चंद्रशेखर जायसवाल, चारूलता दांगी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दिनेश सिंह राणा, जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, पैरालीगल वालेंटियर्स, शासकीय विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!