रन फॉर टुमारो मैराथन के बालक वर्ग के विजेताओं का सम्मान, 27 दिसंबर को होगी CP STAR प्रतियोगिता

अर्जुन कुशवाह प्रथम, ऋषिकेश गुर्जर द्वितीय और अनुराग सिकरवार ने हासिल किया तृतीय स्थान, कक्षा 7वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी ले सकेंगे प्रतियोगिता में भाग

मुरैना में युवाओं और विद्यार्थियों को खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित रन फॉर टुमारो (Run For Tomorrow) मैराथन के बालक वर्ग के विजेताओं को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मैराथन के आयोजक एवं नगर निगम उपसभापति तथा वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद आयुष अग्रवाल ने विद्यार्थियों के लिए नई पहल करते हुए ‘CP STAR‘ प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया।

गत 15 नवंबर को आयोजित मैराथन के बालिका वर्ग के विजेताओं को आयोजन के दिन ही पुरस्कृत कर दिया गया था, जबकि बालक वर्ग के पुरस्कार वितरण शेष थे। शुक्रवार शाम 4 बजे आयोजित कार्यक्रम में मैराथन के दौरान बनाए गए वीडियो का प्रदर्शन किया गया और मीडिया के समक्ष विजेताओं के नाम घोषित किए गए।बालक वर्ग में अर्जुन कुशवाह ने प्रथम, ऋषिकेश गुर्जर ने द्वितीय और अनुराग सिकरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मैराथन में पूरे उत्साह के साथ दौड़ पूरी करने और अपने प्रेरणादायक संदेश से सभी को प्रोत्साहित करने वाले अंशु को विशेष मोटिवेशनल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

27 दिसंबर को होगी CP STAR प्रतियोगिता

कार्यक्रम के दौरान आयुष अग्रवाल ने ‘CP STAR’ प्रतियोगिता शुरू करने की घोषणा की। इसका आयोजन आगामी 27 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। प्रतियोगिता में कक्षा 7वीं, 8वीं, 9वीं और 10वीं के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। इसमें विज्ञान, गणित और रीजनिंग विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी।

प्रत्येक कक्षा के टॉप-3 विद्यार्थियों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता में प्रत्येक कक्षा के लिए अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5,100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इस आयोजन में लायंस क्लब मुरैना डायमंड एवं रोटरी क्लब मुरैना सहयोगी संस्थाओं के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं, जबकि कैरियर पथ मुरैना प्रतियोगिता का प्रायोजक है।

आयोजक आयुष अग्रवाल ने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को शिक्षा, खेल, प्रतिभा एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!