पूर्व सांसद अशोक अर्गल का विवादित बयान, बोले- गांधी को तो लोग यूं ही पूजते हैं, मोदी ने स्वच्छता के क्षेत्र में किया बेहतर काम

मुरैना। पूर्व सांसद अशोक अर्गल का महात्मा गांधी को लेकर दिया गया बयान चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने कहा कि गांधी को तो लोग यूं ही पूजते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम किया है। मोदी सरकार ने घर-घर शौचालय बनवाकर लोटा संस्कृति को समाप्त करने का काम किया है।

अशोक अर्गल ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले रेलवे स्टेशनों पर गंदगी के ढेर लगे रहते थे, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद रेलवे स्टेशनों की तस्वीर बदली है। आज छोटे से लेकर बड़े रेलवे स्टेशनों तक सफाई दिखाई देती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने देशभर में नई सड़कों का निर्माण कर यातायात को सुगम बनाया है।

पूर्व सांसद ने मुरैना से दिल्ली और भोपाल के सफर का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले इन शहरों तक पहुंचने में 8 से 10 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह सफर 4 से 5 घंटे में पूरा हो जाता है। उन्होंने इन बदलावों का श्रेय भाजपा सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को दिया।

दरअसल, पूर्व सांसद अशोक अर्गल वैष्णवी शॉर्ट हैंड एंड इंस्टीट्यूट में आयोजित प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के संचालक सुरेंद्र सिंह यादव ने मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश शिवहरे, गजराज सिंह, सुशील बिल्लोरे और शंकर सिंह सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!