अंबाह। नगर के सब्जी मंडी रोड पर रविवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाजार में सब्जी खरीद रही एक महिला और उसके मासूम बेटे को एक ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय रामलली अपने 7 वर्षीय बेटे रोहित के साथ सब्जी मंडी में खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ट्रैक्टर के टायर के नीचे फंस गई। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर महिला को टायर के नीचे से बाहर निकाला। घटना के बाद घायल मां-बेटे को तत्काल अंबाह के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि बच्चे की पसलियों में चोट लगी है। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ट्रैक्टर चालक से पूछताछ कर रही है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।