ट्रैफिक व्यवस्था छोड़ कार में सो गया सिपाही, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मुरैना। रविवार को आयोजित री-नीट परीक्षा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में तैनात एक ट्रैफिक आरक्षक का ड्यूटी के समय कार में सोते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, री-नीट परीक्षा के लिए मुरैना में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात संचालन के लिए भी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि ट्रैफिक थाने में पदस्थ आरक्षक राहुल गुर्जर की ड्यूटी बैरियर चौराहा, ट्रैफिक थाना के सामने लगाई गई थी। आरोप है कि आरक्षक अपनी ड्यूटी छोड़कर अपनी निजी स्विफ्ट कार (क्रमांक MP07 ZY 6419) में जाकर एसी चालू कर सो गया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसका वीडियो बना लिया। वीडियो में आरक्षक कार के अंदर सोता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग ड्यूटी के दौरान लापरवाही को लेकर सवाल उठा रहे हैं।हालांकि, इस मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय जांच और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

error: Content is protected !!