मुरैना शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र की छोटी बजरिया में दिनदहाड़े एक मोबाइल दुकानदार के साथ मारपीट कर लूट की कोशिश का मामला सामने आया। हालांकि आसपास के व्यापारियों की सतर्कता और एकजुटता के चलते दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार छोटी बजरिया निवासी आयुष जैन की मोबाइल की दुकान है। रोज की तरह वह सुबह अपनी दुकान खोल रहा था, तभी दो युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक ने आयुष पर लड़की छेड़ने का आरोप लगाते हुए अचानक थप्पड़ मार दिया। इससे पहले कि दुकानदार कुछ समझ पाता, दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसका मोबाइल फोन तथा गल्ले में रखी नकदी छीन ली। घटना के दौरान आयुष ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उनकी धुनाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
दुकानदार ने पुलिसकर्मी पर जताया संदेह
घटना के बाद दुकानदार आयुष जैन ने एक गंभीर आरोप भी लगाया है। उसका कहना है कि दो दिन पहले एक पुलिसकर्मी उसकी दुकान पर मोबाइल रिचार्ज कराने आया था। रिचार्ज के पैसे मांगने पर वह नाराज हो गया और कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा था कि “दो दिन बाद ऐसी व्यवस्था कर दूंगा कि हवालात में दिखाई दोगे।”आयुष का आरोप है कि उसी पुलिसकर्मी ने बदला लेने की नीयत से दोनों युवकों को उसकी दुकान पर भेजा हो सकता है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।