मुरैना जिले में 26 जून को आयोजित होने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर अपर जिला दण्डाधिकारी अश्विनी कुमार रावत ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों एवं तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पर्व के दौरान साफ-सफाई, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित गश्त और चेकिंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम आयुक्त को फायर ब्रिगेड वाहन चालक सहित पुलिस कंट्रोल रूम में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एम्बुलेंस, चिकित्सकीय दल और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।