पूर्व पार्षद पर दबंगई का आरोप: दरवाजे के सामने से कचरा हटाने पर लाठी-डंडों से हमला, तीन घायल

मुरैना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित टंच रोड पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब घर के सामने पड़ा मलबा हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष ने पूर्व पार्षद अजय यादव और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने तथा दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया है। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार टंच रोड निवासी ब्रजेश यादव के घर के सामने कुछ दिन पहले ईंटों और निर्माण सामग्री का मलबा डाला गया था। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा था और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गुरुवार दोपहर ब्रजेश यादव जेसीबी मशीन की मदद से अपने घर के सामने से उक्त मलबा हटवा रहे थे।इसी दौरान पूर्व पार्षद अजय यादव अपने 6 से 7 साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी गई और विरोध करने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने एक राय होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। ब्रजेश यादव को बचाने के लिए उसका भाई राहुल यादव और अंकित यादव बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। आरोप है कि तीनों को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए। घटना के दौरान इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल पक्ष ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं हवाई फायरिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं।

error: Content is protected !!