मुरैना में टीएल बैठक: कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ सख्त, लापरवाही पर अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी
मुरैना। जिले में नियम विरुद्ध संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना वैध पंजीयन या नियमों का पालन किए संचालित नर्सिंग होम को जांच के बाद सील करने के निर्देश कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने दिए हैं। वहीं, खाद की कालाबाजारी करने या निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया है।
कलेक्टर ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
नियम विरुद्ध नर्सिंग होम और अपंजीकृत एंबुलेंस पर कार्रवाई
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में संचालित नर्सिंग होम की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की जाए। बिना वैध पंजीयन या निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वाली एंबुलेंस के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया। जिला परिवहन अधिकारी को अपंजीकृत एंबुलेंस की जांच के निर्देश दिए गए।आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने और 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों के कार्ड बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच सुविधाएं, आवश्यक उपकरण और दवाइयां उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। कार्य में लापरवाही पर संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को नोटिस जारी करने को कहा गया।

खाद की अधिक कीमत वसूलने पर होगी एफआईआर
कलेक्टर ने कहा कि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निजी विक्रेताओं द्वारा निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने या खाद वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर एफआईआर दर्ज कराई जाए। राजस्व विभाग, कृषि विभाग और संबंधित विपणन संस्थाओं को खाद वितरण की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।बाजरा उपार्जन के लिए पंजीकृत किसानों की फसलों का सत्यापन भी समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया। सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
स्कूलों में व्यवस्थाएं सुधारने और परीक्षा परिणाम बेहतर करने पर जोर
शिक्षा विभाग को सीएम राइज विद्यालयों में स्कूल बसों का संचालन निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों की प्रयोगशालाओं, शैक्षणिक उपकरणों और इंटरैक्टिव पैनल को चालू हालत में रखने को कहा गया। प्राचार्यों को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रभावी रणनीति बनाने और परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने, स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम करने और अपार आईडी बनाने के कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया।

मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी मिलने पर बदली जाएगी संस्था
कलेक्टर ने पोषण अभियान के अंतर्गत टेक होम राशन वितरण की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को नियमित पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की जांच के लिए शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को समन्वय से विद्यालयों का निरीक्षण करने को कहा गया।
मध्यान्ह भोजन में अनियमितता मिलने पर एसडीएम के नेतृत्व वाली अनुश्रवण समिति के माध्यम से संबंधित संस्था को बदलने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।