ग्राम विकास में प्रस्फुटन समितियों की भूमिका मजबूत करने हड़वासी में प्रशिक्षण आयोजित

मुरैना। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड जौरा में प्रस्फुटन शक्ति अभियान के अंतर्गत सेक्टर क्रमांक-5 हड़वासी की प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय हड़वासी में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य समिति सदस्यों को संगठनात्मक कार्यों, अभिलेख संधारण, संवाद कौशल और ग्राम विकास में उनकी भूमिका के प्रति सक्षम बनाना था।

विकासखंड समन्वयक बी.डी. शर्मा के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था हड़वासी युवा मंडल द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। नवांकुर संस्था प्रस्फुटन समिति मानपुर पृथ्वी के अलकेश राठौर ने समितियों के दस्तावेजों एवं अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण की जानकारी दी। वहीं, विकासखंड समन्वयक बी.डी. शर्मा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए जनभागीदारी के माध्यम से ग्रामीण विकास को गति देने में समितियों की भूमिका बताई।

मेंटर विनोद शर्मा ने प्रस्फुटन समितियों को स्वयंसेवी संस्था के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया समझाई। हड़वासी युवा मंडल के सचिव परीक्षित शर्मा ने प्रभावी संवाद कौशल, उसकी आवश्यकता और व्यावहारिक उपयोग के बारे में बताया। प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में प्रतिभागियों से सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं ली गईं। इसके बाद प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति चेना के करतार सिंह राजपूत, कुम्हेरी के सुदामा शर्मा एवं संतोष शर्मा, सांटा के ऋषिकेश शर्मा, सोनू शर्मा एवं विकास शर्मा तथा उधेड़ी के रामख्तयार यादव सहित विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नवांकुर सखी ऊषा शर्मा, सुषमा, जगनेरी, नैनुका कुशवाह, सुनता शर्मा एवं ममता कुशवाह सहित नवांकुर संस्था के विष्णु तोमर, जितेंद्र शर्मा, सहदेव शर्मा, रवि तिवारी, ऋषिकेश शर्मा, विवेक शर्मा, संजय शर्मा एवं दीपक शर्मा ने सहभागिता की।प्रशिक्षण के माध्यम से प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों को संगठनात्मक क्षमता बढ़ाने और जनभागीदारी से ग्राम विकास के कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!