मुरैना में ट्रक ने बाइक सवार तीन मजदूरों को कुचला, तीनों की मौत

मुरैना। करवा चौथ की रात मुरैना में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घिरोना मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मजदूर का शव ट्रक में फंसकर करीब चार किलोमीटर तक घिसटता चला गया।

मृतकों की पहचान कल्लू पुत्र मुन्नालाल माहौर (31), गोपी पुत्र मुन्नालाल माहौर (18) और रामप्रकाश पुत्र बांकेलाल माहौर (50) के रूप में हुई है। तीनों हिंगोना कला गांव, थाना सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

मजदूरी कर घर लौट रहे थे तीनों मजदूर

जानकारी के मुताबिक, तीनों मजदूर जड़ेरुआ मंदिर पर मजदूरी करने के बाद शुक्रवार रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 7:30 बजे नेशनल हाईवे पर घिरोना मंदिर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

चार किलोमीटर तक घिसटता रहा शव

हादसे के बाद स्थिति बेहद भयावह हो गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, रामप्रकाश का शव ट्रक के पहियों के बीच फंस गया और ट्रक उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटता चला गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, अस्पताल में तीसरे की भी मौत

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर रूप से घायल तीसरे मजदूर ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मौके पर जमा भीड़ को हटवाकर करीब आधे घंटे बाद हाईवे पर यातायात बहाल कराया। खबर लिखे जाने तक मृतकों के परिजन पीएम हाउस पर एकत्रित थे। पुलिस तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुटी थी। वहीं, हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही थी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!