मुरैना। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिठौरा खुर्द गांव में अवैध रूप से भंडारित करीब 350 ट्रॉली (700 घनमीटर) रेत को नष्ट कर दिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के मार्गदर्शन में थाना सरायछौला, थाना सिविल लाइन, पुलिस लाइन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को रिठौरा खुर्द गांव में कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां लगभग 350 ट्रॉली अवैध रूप से भंडारित रेत मिली। इसके बाद एक लोडर की मदद से करीब 700 घनमीटर रेत, जिसकी अनुमानित कीमत 7.70 लाख रुपये बताई गई है, उसे मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।