घर बिक गया, पति ने भी छोड़ दिया साथ, दो बच्चों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची महिला, लगाई न्याय की गुहार

मुरैना शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के क्षत्रीपुरा निवासी सुषमा कारखुर अपने दो छोटे बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई। महिला ने आरोप लगाया कि पहले उसकी सास ने घर बेच दिया और अब उसके पति ने भी उसका साथ छोड़ दिया है। ऐसे में उसके सामने रहने और बच्चों के पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2012 में क्षत्रीपुरा निवासी मनिंदर कारखुर से हुई थी। शादी के बाद करीब चार-पांच वर्षों तक पारिवारिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में उसके पति और सास कविता कारखुर मुंबई चले गए। वह अपने दोनों बच्चों के साथ मुरैना स्थित घर में रह रही थी। महिला का आरोप है कि कुछ समय पहले उसकी सास ने मकान बेच दिया, जिसके बाद उसे मजबूरी में अपने बच्चों के साथ किराए के मकान में रहना पड़ा। अब उसके पति ने भी उसे छोड़ दिया है। उसके पास न तो रहने के लिए अपना घर बचा है और न ही कोई रोजगार, जिससे वह अपने दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर सके। सुषमा कारखुर ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी सास और ननद अब उसे किराए के मकान में भी नहीं रहने दे रही हैं। वे लगातार मकान खाली करने और कहीं दूर चले जाने की धमकी दे रही हैं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान है और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है।

एसपी कार्यालय में महिला ने भावुक होकर कहा, “साहब, मुझे न्याय दिलाइए। मैं अपने दोनों बच्चों को लेकर आखिर कहाँ जाऊँ?”पुलिस अधीक्षक ने महिला की शिकायत सुनने के बाद मामले में नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!