मुरैना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5.50 लाख की 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

मुरैना पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन में जिले में चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने 29 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 269/26, धारा 303(2) बीएनएस के आरोपी हरेन्द्र उर्फ हरिओम गुर्जर (25 वर्ष) निवासी पंछीपुरा, थाना कोलारी, तहसील सैंपऊ, जिला धौलपुर (राजस्थान) को राधिका पैलेस रोड से गिरफ्तार किया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने मुरैना एवं आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न प्रकरणों में चोरी गई कुल 7 मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर लीं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का विशेष अभियान जिले में लगातार जारी है और वाहन चोरी सहित अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!