सुहागरात के बाद दुल्हन गहने लेकर फरार, CCTV में कैद, थाने पहुंची तो दूल्हे ने अपनाने से किया इनकार

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शादी के अगले ही दिन एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि नई नवेली दुल्हन सुहागरात के बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गई। पड़ोसी की छत से भागते समय उसकी तस्वीरें CCTV कैमरे में कैद हो गईं।
पीड़ित दूल्हा जितेंद्र जोशी के अनुसार, 29 जून 2026 को उनकी शादी मुरैना जिले के झुंडपुरा निवासी हीरालाल जोशी की बेटी नम्रता जोशी से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद दुल्हन ससुराल आई और पहली रात सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन 30 जून की सुबह जब परिवार की आंख खुली तो दुल्हन घर में नहीं थी।
परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान भी गायब हैं। जांच में सामने आया कि दुल्हन पड़ोसी की छत के रास्ते घर से निकली। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में वह भागती हुई दिखाई दी।
घटना के बाद जितेंद्र जोशी ने विश्वविद्यालय थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पत्नी और उसके मायके पक्ष की होगी।
शिकायत के कुछ देर बाद दुल्हन के पिता और भाई उसे लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने दूल्हे पर पत्नी को वापस साथ ले जाने का दबाव बनाया, लेकिन जितेंद्र ने साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि पत्नी ने शादी की पहली ही रात विश्वास तोड़ दिया और परिवार की बदनामी की, इसलिए वह उसे दोबारा घर नहीं ले जाएंगे।
पीड़ित परिवार का दावा है कि युवती का पहले भी ग्वालियर जिले के जरगांव निवासी एक युवक से रिश्ता तय हुआ था। आरोप है कि उस दौरान भी जेवर और नकदी को लेकर विवाद हुआ था और रिश्ता टूट गया था। परिवार का यह भी आरोप है कि सामान वापस नहीं किया गया।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान युवती से जुड़े कुछ पुराने विवादों की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!