मुरैना जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देश पर जिलेभर में अवैध रेत कारोबारियों के विरुद्ध अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी उमेश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कैलारस पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम रिठौनिया में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान ग्राम रिठौनिया में करीब 70 ट्रॉली (140 घनमीटर) रेत अवैध रूप से भंडारित पाई गई। संयुक्त टीम ने मौके पर जेसीबी मशीन की सहायता से लगभग 1.54 लाख रुपये मूल्य की रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
