मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सहरियन का पुरा गांव में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, सहरियन का पुरा निवासी धर्मेंद्र पुत्र जगदीश जाटव (38) सोमवार शाम करीब 5 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी निशा जाटव (33) से खाना परोसने के लिए कहा। पत्नी द्वारा शराब पीकर आने का विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।बताया जा रहा है कि गुस्साए धर्मेंद्र ने पहले पत्नी के साथ लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने लोहे के सरिए से निशा के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से निशा की मौके पर ही मौत हो गई।
शराब की लत बनी विवाद की वजह
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार आरोपी धर्मेंद्र शराब पीने का आदी है और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी वह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था, जिसके बाद खाना परोसने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सिर पर लगी गंभीर चोट को मौत का कारण माना जा रहा है। आरोपी पति घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।