नशे में जेल प्रहरी का तांडव! दो रात तक कॉलोनी में मचाया आतंक

ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित श्री विहार कॉलोनी में लगातार दो रात तक गाड़ियों में तोड़फोड़ और रहवासियों पर हमला करने वाले आरोपी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी की पहचान विवेक यादव के रूप में हुई है, जो वर्तमान में मुरैना जेल में प्रहरी (जेल गार्ड) के पद पर पदस्थ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी सुदीप प्रताप वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जून की रात करीब 2:30 बजे एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में कॉलोनी में घूम रहा था। पूछताछ करने पर वह गाली-गलौज करने लगा और विरोध करने पर पत्थर से हमला कर सुदीप को घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उनकी आई-10 कार का अगला शीशा तोड़ दिया तथा पड़ोसी हरीश शर्मा की वैगनआर कार का पिछला कांच भी फोड़ दिया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी अगले दिन फिर उसी कॉलोनी में पहुंच गया। इस दौरान उसने प्रद्युम्न माहेश्वरी की फिएट कार का पिछला कांच तोड़ दिया और उमाशंकर द्विवेदी के घर के लोहे के गेट पर भी पत्थर बरसाए। लगातार दो दिनों तक हुई घटनाओं से कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया था। घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक सेल्टोस कार दिखाई दी, जिसके नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान विवेक यादव के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वह ग्वालियर के आनंद नगर क्षेत्र का निवासी है और मुरैना जेल में प्रहरी के रूप में कार्यरत है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है। शुरुआती जांच के अनुसार उसने नशे की हालत में ही कॉलोनी में उत्पात मचाया था। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, सरकारी कर्मचारी द्वारा इस प्रकार की हरकत किए जाने को गंभीर मानते हुए विभागीय कार्रवाई की भी संभावना जताई जा रही है।

error: Content is protected !!