आकाशीय बिजली से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी, बरतें ये जरूरी सावधानियां

Weather Alert: मुरैना | वर्षा ऋतु के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने कहा है कि मानसून के दौरान, विशेष रूप से जून और जुलाई में, वज्रपात की घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। ऐसे में नागरिकों को आवश्यक सावधानियां बरतनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार खेतों, निर्माण स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों, लोडिंग-अनलोडिंग स्थलों तथा अन्य खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। आकाशीय बिजली के दौरान ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों, धातु की वस्तुओं और खुले मैदानों से दूर रहना चाहिए।
विभाग ने सलाह दी है कि वज्रपात के समय घर या किसी सुरक्षित भवन के अंदर रहें। इस दौरान बिजली एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग से बचें तथा खिड़कियों, दरवाजों, धातु के पाइपों और पानी के संपर्क में आने से भी परहेज करें।
यदि किसी कारणवश बाहर हों तो बिजली के तारों, ऊंचे पेड़ों, पहाड़ों, टेलीफोन पोल और बड़ी मशीनों से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने और आकाशीय बिजली से बचाव संबंधी सभी सुरक्षा निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

error: Content is protected !!