मुरैना। मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “लोकपथ (Lok Path)” मोबाइल ऐप शुरू किया है। इस ऐप के माध्यम से नागरिक लोक निर्माण विभाग की सड़कों पर गड्ढे, सड़क क्षति, धंसाव, क्षतिग्रस्त पुल-पुलिया तथा अन्य सड़क संबंधी समस्याओं की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं।शिकायत दर्ज करने के लिए नागरिकों को अपने मोबाइल में लोकपथ ऐप डाउनलोड कर मोबाइल नंबर से पंजीयन करना होगा। इसके बाद संबंधित स्थान का फोटो, जीपीएस लोकेशन और समस्या का संक्षिप्त विवरण अपलोड कर शिकायत भेजी जा सकती है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारी उसका परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। शिकायतकर्ता ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत की वर्तमान स्थिति भी देख सकेंगे।नागरिक Google Play Store पर “Lok Path (लोक पथ)” तथा Apple App Store पर “Lok Path (MP)” खोजकर यह ऐप निःशुल्क डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप की जानकारी और डाउनलोड लिंक लोक निर्माण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क संबंधी कोई भी समस्या दिखाई देने पर उसकी सूचना लोकपथ ऐप के माध्यम से अवश्य दर्ज करें, ताकि सड़क रखरखाव व्यवस्था अधिक प्रभावी बने और सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।


