आदिवासी अंचल में 8 हजार गूगल पौधों के रोपण की तैयारी, खड़रिया पुरा में 200 पौधे लगाए

Guggul Plantation: मुरैना। सुजागृति समाजसेवी संस्था, मुरैना द्वारा कई वर्षों से गूगल (गुग्गुल) के पौधों के रोपण, संरक्षण एवं संवर्धन का अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के निरंतर प्रयासों से क्षेत्र में गूगल प्रजाति का संरक्षण हो रहा है, साथ ही यह ग्रामीण एवं आदिवासी परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन भी बनती जा रही है।

इसी क्रम में वर्ष 2026 के लिए आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र पहाड़गढ़ के खड़रिया पुरा, जडेरू, धोविनी और कनार सहित कई गांवों में गूगल प्लांटेशन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है।

गूगल का पौधारोपण करते हुए गुग्गल मेन जाकिर हुसैन

संस्था द्वारा खेतों की मेड़ों, आवासीय क्षेत्रों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर सुरक्षित एवं उत्पादक माहौल विकसित करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया गया। संस्था के अनुसार गूगल मध्यप्रदेश की सबसे महंगी लघु वनोपजों में से एक है, जिसका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 2,500 रुपये प्रति किलोग्राम है। इसके औषधीय महत्व और बढ़ती मांग को देखते हुए इसका उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

संस्था का कहना है कि इस वर्ष आदिवासी अंचल में 8,000 गूगल पौधों का रोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी अभियान के तहत 5 जुलाई 2026 को ग्राम खड़रिया पुरा में सुनहरी के खेत की मेड़ पर 200 गूगल पौधों का रोपण किया गया। संस्था का मानना है कि गूगल पौधारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगा, बल्कि आदिवासी परिवारों की आय बढ़ाने और क्षेत्र में हरित विकास को भी नई दिशा देगा।

error: Content is protected !!