
मुरैना। थाना महुआ पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चंबल नदी की रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है, जब्त की हैं।पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम रूधावनी मोड़ पर वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर जांच की गई, जिनमें चंबल नदी की रेत भरी मिली। वाहन चालकों से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया। थाना महुआ में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत धारा 303(2), 317(5) बीएनएस, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4(1), 21(1), मध्यप्रदेश खनिज अधिनियम की धारा 18(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 51/177 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।पुलिस ने इस कार्रवाई की सूचना वन विभाग को भी दे दी है। वन विभाग द्वारा जब्त दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के राजसात किए जाने संबंधी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।