सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन, 15 हजार रोजगार का दावा

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा उद्योगों के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतगढ़ी में विकसित होने वाला स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भोपाल को नई औद्योगिक पहचान देगा। उन्होंने बताया कि इस पार्क में लगभग 15 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इसके साथ ही यहां बनने वाले उद्योगों से किसानों, विशेषकर कपास उत्पादकों को भी लाभ मिलेगा। सरकार खेत, उद्योग और बाजार को जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश का माहौल लगातार बेहतर हुआ है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2025) के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों में से बड़ी संख्या में परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तक लाखों करोड़ रुपये के निवेश पर काम शुरू हो चुका है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास के साथ-साथ रक्षा, सोलर और सीमेंट जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने शिवपुरी में रक्षा क्षेत्र की औद्योगिक इकाई, मुरैना में सोलर सेक्टर तथा गुना में सीमेंट प्लांट जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी सरकार की मंशा दोहराई। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लिए समान कानून होना चाहिए और इस संबंध में गठित समिति विभिन्न समुदायों के सुझाव लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

उन्होंने बताया कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का स्थान रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग, राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से बेहतर संपर्क रखता है। पार्क परिसर में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से औद्योगिक प्रदेश बन रहा है। वहीं विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर बनने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भोपाल की नई पहचान बनेगा और स्थानीय युवाओं व महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 70 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप भोपाल के औद्योगिक विकास की आधारशिला साबित होगी और भविष्य में निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

error: Content is protected !!