मुरैना। नगर निगम में लेखपाल की नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। भाजपा, कांग्रेस और बसपा के एक दर्जन से अधिक पार्षदों ने एकजुट होकर महापौर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चंबल संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने महापौर पर कमीशनखोरी और नियमों के विरुद्ध नियुक्तियां करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम में बिना कमीशन के किसी भी निर्माण कार्य की भुगतान फाइल आगे नहीं बढ़ती और महापौर प्रत्येक कार्य में 20 प्रतिशत कमीशन की मांग करती हैं। उन्होंने कहा कि अपने कथित अनियमित कार्यों को छिपाने के लिए महापौर पिछले छह माह में आधा दर्जन लेखपाल बदल चुकी हैं।पार्षदों ने आरोप लगाया कि हाल ही में सभी नियमों को दरकिनार करते हुए पंचायत सचिव दर्शन डंडोतिया को लेखपाल के पद पर नियुक्त कर दिया गया, जो नियमों के विपरीत है। उन्होंने इस नियुक्ति को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।चंबल संभागीय आयुक्त सुरेश कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में पार्षदों ने तीन दिन के भीतर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि नियुक्ति रद्द नहीं की गई तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे।ज्ञापन देने वालों में विजय रामसेवक डंडोतिया, मेवाराम कुशवाह, बदन सिंह यादव, दिनेश तोमर सहित विभिन्न दलों के कई पार्षद शामिल रहे।