मुरैना जिले के नूराबाद थाना पुलिस ने फायरिंग के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को फरियादी विनोद गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जून की रात करीब 1 बजे करूआ मोड़ पर सेठी गुर्जर और चौबे गुर्जर ने उनकी कार रुकवाकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर सेठी गुर्जर ने फायर कर दिया, जिसकी गोली कार के पिछले हिस्से में लगी। इस मामले में नूराबाद थाने में अपराध क्रमांक 226/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर एवं एसडीओपी बामौर अनिल मंडराह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर 7 जुलाई 2026 को करूआ मोड़ से दोनों आरोपियों सेठी गुर्जर और चौबे गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी सेठी गुर्जर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।