ट्रांसफार्मरों के आसपास कचरा हटाने की मांग, जनहित में DM को सौंपा गया ज्ञापन

मुरैना। जिले में बिजली के ट्रांसफार्मरों और खंभों के आसपास जमा कचरे के कारण गौवंश की करंट लगने से हो रही मौतों और आमजन की सुरक्षा को लेकर भाजयुमो जिला कार्यसमिति सदस्य रुद्रप्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न कस्बों में ट्रांसफार्मरों और बिजली के खंभों के पास लगातार कचरा डाला जा रहा है। इससे कई स्थानों पर कचरे के बड़े ढेर बन गए हैं। भोजन की तलाश में पहुंचने वाला गौवंश इन स्थानों पर करंट की चपेट में आकर जान गंवा रहा है। साथ ही राहगीरों और बच्चों के लिए भी ऐसे स्थान हादसों का कारण बन सकते हैं। रुद्रप्रताप सिंह ने कहा कि गौवंश की इस तरह हो रही मौतें बेहद गंभीर विषय हैं और इस पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जनहित और गौहित को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें सभी ट्रांसफार्मरों एवं बिजली के खंभों के 50 मीटर दायरे से कचरा और डंपिंग स्पॉट हटाना, नगर निगम द्वारा कचरा संग्रहण के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करना, खतरनाक स्थानों पर “यहां कचरा डालना मना है, करंट का खतरा” संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाना तथा संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बनाकर प्रत्येक 15 दिन में निरीक्षण कराना शामिल है।

भाजयुमो नेता ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस जनहित एवं गौहित के मुद्दे पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि और गौवंश की मौत जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

error: Content is protected !!