मुरैना। जिले के सबलगढ़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के कथित अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना 30 मई की रात की बताई जा रही है। पीड़िता के आरोप के मुताबिक, मुख्य आरोपी रात करीब 11 बजे उसे बाइक पर बैठाकर पाटई वाले हनुमान मंदिर के पास जंगल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी के एक साथी ने उसके कपड़े खींचे। वारदात के बाद दोनों आरोपी उसे जंगल में छोड़कर फरार हो गए। बताया गया है कि देर रात डायल-100 की टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपियों ने उसके भाई की हत्या करने की धमकी दी थी। साथ ही यह भी आरोप है कि घटना से कुछ दिन पहले मुख्य आरोपी ने पीड़िता के पिता को फोन कर धमकी दी थी कि यदि लड़की को उसके साथ नहीं भेजा गया तो उनके बेटे को जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता के अनुसार, करीब पांच महीने पहले उसकी आरोपी से पड़ोसी की छत पर मुलाकात हुई थी, जिसके बाद आरोपी लगातार उस पर दबाव बना रहा था।सबलगढ़ थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।