BJP Datia Candidate: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी ने उनके नाम पर मुहर लगाई। यह फैसला दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सजा पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद सामने आया।

आशुतोष तिवारी भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और संभागीय संगठन मंत्री रह चुके हैं। वे मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन (कैबिनेट मंत्री दर्जा) का दायित्व भी निभा चुके हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सेवढ़ा सीट से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने प्रदीप अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया था।
वहीं, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा उपचुनाव की तैयारियों में सक्रिय थे और कई चुनावी सभाएं भी कर चुके थे। उन्होंने बुधवार को नामांकन पत्र भी खरीद लिया था और शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चा थी, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को भी बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उनकी याचिका खारिज कर दी। हालांकि, भारती पहले ही कह चुके हैं कि यदि कांग्रेस किसी अन्य उम्मीदवार को मैदान में उतारती है, तो वे पूरी ताकत से उसके समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे।

फिलहाल दतिया उपचुनाव के लिए 13 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, जिनमें से 4 उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं।