मुरैना में ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान शुरू, SP धर्मराज मीना ने दिखाई जागरूकता रथ को हरी झंडी

मुरैना। मध्य प्रदेश शासन के ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान की शुरुआत बुधवार को मुरैना में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से की गई।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

यह अभियान पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों के संयुक्त सहयोग से जिलेभर में 15 दिनों तक चलाया जाएगा।

अभियान के तहत जागरूकता रथ गांव-गांव और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगा।

अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज के लिए भी गंभीर नुकसान का कारण बनता है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

इस अभियान के अंतर्गत शासकीय एवं निजी बस स्टैंड, प्रमुख बाजार, चौराहे, स्कूल, कॉलेज तथा सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।

error: Content is protected !!