मुरैना। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबाह बाईपास स्थित सीवर प्लांट के पास खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग और जमकर पथराव हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हथियार लहराते और फायरिंग जैसी गतिविधि दिखाई दे रही है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेड़ तोड़ने से शुरू हुआ विवाद
फरियादी गिर्राज शर्मा (64) पुत्र स्व. राजाराम शर्मा, निवासी पंडित रामगोविंद वाली गली, महावीरपुरा ने पुलिस को बताया कि अंबाह बाईपास स्थित सीवर प्लांट के पास उनका खेत है। उसके समीप हरिसिंह राठौर और संदीप परमार के भी खेत हैं।शिकायत के अनुसार, दो दिन पहले हरिसिंह राठौर और संदीप परमार ने उनके खेत की मेड़ पर बनी गढ़ी (सीमांकन) उखाड़ दी। जब इसकी शिकायत करने गिर्राज शर्मा अपने भतीजों के साथ आरोपियों के घर पहुंचे तो कथित तौर पर गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया गया।
खेत पर पहुंचे दोनों पक्ष, फिर चली गोलियां और हुआ पथराव
फरियादी के अनुसार इसके बाद दोनों पक्ष खेत पर पहुंच गए, जहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मुन्नालाल राठौर और संदीप परमार ने रायफल से फायरिंग की, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इसके बाद आरोपियों ने पथराव भी किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें खेत से भगा दिया।गोली चलने और पथराव की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
VIDEO आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति हथियार के साथ दिखाई दे रहा है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर हरिसिंह राठौर, मुन्नालाल राठौर, संदीप परमार, मनदीप परमार, संतीश राठौर और राजू राठौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
क्या बोले थाना प्रभारी
सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव ने बताया कि खेत विवाद और कथित फायरिंग का वीडियो सामने आया है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


