उसैद पिनाहट पुल: मुरैना जिले के जौरा में महिला पार्क के उद्घाटन समारोह का मंच राजनीतिक अखाड़ा बन गया। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उसैद-पिनाहट पुल को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शिलान्यास का जिक्र करते हुए बड़ा बयान दिया। इसके बाद कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए इसे ओछी राजनीति करार दिया है।
जौरा नगर पालिका द्वारा आयोजित महिला पार्क के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उसैद-पिनाहट पुल के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पुल का केवल शिलान्यास किया था, लेकिन उसके निर्माण के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि शिलान्यास का पत्थर आज भी वहीं मौजूद है और उसकी हालत ऐसी है कि उसका उपयोग आवारा कुत्ते कर रहे हैं। तोमर ने यह भी कहा कि उन्होंने सांसद शिवमंगल सिंह तोमर से कहा है कि जब तक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक उस शिलान्यास पत्थर को नहीं हटाया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष के इस बयान के बाद मुरैना की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का अपमान बताते हुए दुर्भाग्यपूर्ण और ओछी राजनीति करार दिया। वहीं कार्यक्रम का दूसरा बड़ा पहलू जौरा के गांधी पार्क का नाम बदलकर महिला पार्क किए जाने का उद्घाटन भी रहा। अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का बड़ा विषय बन सकता है।
फिलहाल महिला पार्क का उद्घाटन तो हो गया, लेकिन मंच से उठी राजनीतिक चिंगारी अब जिले की सियासत को गर्माती नजर आ रही है। देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या नया मोड़ लेता है।


