Peepal Tree Miracle: मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत जतवार का पुरा इन दिनों आस्था का केंद्र बना हुआ है। गांव में एक पीपल के पेड़ की जड़ों में बनी आकृति को ग्रामीण भगवान हनुमान का स्वरूप मान रहे हैं। इसकी सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे।

ग्रामीणों के अनुसार, पीपल के पेड़ की जड़ों में बनी आकृति हनुमान जी जैसी प्रतीत होती है। इसे देखने के बाद लोगों ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना शुरू कर दी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से श्रृंगार किया, प्रसाद चढ़ाया और सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर वहां श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। गांव के लोगों का कहना है कि यह ईश्वरीय चमत्कार है, जबकि कई श्रद्धालु इसे अपनी अटूट आस्था का प्रतीक मान रहे हैं।

इस घटना की चर्चा अब आसपास के क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रही है और दर्शन के लिए लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि, इस संबंध में किसी वैज्ञानिक या प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह घटना स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था और विश्वास से जुड़ी हुई है।


