मुरैना में एक मोबाइल फोन निकालने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। कुएं में गिरे मोबाइल को निकालने के लिए रस्सी के सहारे नीचे उतरे युवक की ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित खाकी बाबा की बगिया में यह दर्दनाक हादसा हुआ। श्यामपुर खुर्द निवासी शिवकुमार उर्फ सेंकी उपाध्याय अपने गुरु से मिलने आया था। बताया जा रहा है कि फूल तोड़ने के दौरान उसका मोबाइल फोन पास के कुएं में गिर गया। मोबाइल निकालने के लिए वह रस्सी के सहारे कुएं में उतर गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को कुएं से बाहर निकाला। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण कुएं में ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस माना जा रहा है। मृतक भागवत कथा वाचन का कार्य करता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते आवश्यक संसाधन और राहत व्यवस्था उपलब्ध होती, तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।